– गर्मियों में जल संकट से निपटने की तैयारी करें : शिवानी दाणी
– आवश्यक उपाय योजनाओं और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता करें
नागपुर :- गर्मियों में शहर में संभावित जल संकट को देखते हुए आवश्यक उपाय योजनाओं, पानी के उचित उपयोग और नियोजन को लेकर स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
मनपा मुख्यालय स्थित स्थायी समिति कार्यालय में आयोजित इस बैठक में जलप्रदाय विशेष समिति सभापति दिव्या धुरडे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र उचके, अधीक्षक अभियंता डॉ. श्वेता बैनर्जी, कार्यकारी अभियंता श्रीकांत वाईकर, सुनील उईके, अनिल गेडाम, उपअभियंता राजीव गौतम सहित सभी दस जोन के जोनल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थें। बैठक में सबसे पहले शहर की विभिन्न सार्वजनिक कुओं की स्वच्छता और उनसे संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे ने पानी की बर्बादी रोकने और गर्मियों में बढ़ने वाली पानी की मांग को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालीन उपाययोजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
संभावित जल संकट को देखते हुए नागरिकों को पीने के पानी के अलावा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पानी के वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। इसके तहत प्रदूषित कुओं को साफ कर पुनर्जीवित करने और सार्वजनिक कुओं के पानी की गुणवत्ता की जांच करने पर जोर दिया गया। सभापति ने निर्देश दिए कि पानी की गुणवत्ता जांचने के बाद ही उसके अनुरूप उपयोग के लिए नागरिकों को उपलब्ध कराया जाए।
पानी की आवश्यकता को लेकर जोनवार समीक्षा
बैठक में लघुनल योजना के माध्यम से शहर के 100 कुओं को जोड़कर नागरिकों को पीने के पानी के अलावा अन्य घरेलू जरूरतों के लिए पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही सभी दस जोन में जलापूर्ति की मौजूदा स्थिति और भविष्य में पानी की आवश्यकता को लेकर जोनवार समीक्षा की गई।
शिवानी दाणी-वखरे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित जल संकट से निपटने के लिए अभी से ठोस नियोजन किया जाए। साथ ही पानी का मितव्ययिता से उपयोग करने और पीने के पानी का इस्तेमाल अन्य कार्यों में रोकने के लिए नागरिकों में जागरूकता निर्माण करने की प्रभावी रणनीति तैयार की जाए।






