– नागपुर में साइबर ठगी का नया पैंतरा बेनकाब
नागपुर :- साइबर ठग अब लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए राजनीतिक हस्तियों के नाम और पहचान का भी सहारा लेने लगे हैं। नागपुर में ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात शख्स ने खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निजी सचिव अलंकार सवाई बताकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल को फोन किया और नागपुर के रेडिसन ब्लू होटल में दो प्रीमियम सुइट बुक कराने की मांग की। हालांकि, फोन करने वाले की आवाज और बातचीत पर संदेह होने के चलते कथित साइबर ठगी की यह कोशिश नाकाम हो गई।
मामले में शिकायतकर्ता एड. अमित झोटिंग के अनुसार, 8 नवंबर से 17 नवंबर के बीच आरोपी ने एक मोबाइल नंबर से अतुल लोंढे पाटिल से संपर्क किया। फोन करने वाले ने अपनी पहचान राहुल गांधी के निजी सचिव अलंकार सवाई के रूप में बताई और कहा कि वह वर्धा रोड स्थित रेडिसन ब्लू होटल में रिसेप्शन के सिलसिले में आया है। इसके लिए उसे दो प्रीमियम सुइट बुक कराने थे। लेकिन फोन करने वाले की आवाज और बातचीत संदिग्ध लगने पर अतुल पाटिल ने संबंधित मोबाइल नंबर का व्हाट्सऐप प्रोफाइल चेक किया। प्रोफाइल पर राहुल गांधी और उनके निजी सचिव की तस्वीर लगाई गई थी। साथ ही प्रोफाइल पर ‘अलंकार सवाई, पीए राहुल गांधी’ लिखा हुआ था। इस तरह आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर भरोसा जीतने की कोशिश की। पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए शिकायतकर्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर नंदनवन पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।





