– कुछ समय के लिए गौण खनिज ले जाने वाले टिप्पर रोके गए
यासीन शेख गोंदिया :- गोंदिया जिले के आमगांव तहसील अंतर्गत सितेपार–आमगांव मार्ग की अत्यंत जर्जर स्थिति से परेशान नागरिक सड़क पर उतर आए। गौण खनिज का परिवहन करने वाले ओवरलोड टिप्परों के कारण सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। इसी के विरोध में नागरिकों ने कुछ समय के लिए सड़क रोको आंदोलन करते हुए करीब 30 से 40 टिप्परों को सड़क पर रोक दिया।
सितेपार क्षेत्र में गौण खनिज की खदानें हैं, जहां से बड़ी संख्या में ओवरलोड टिप्परों के माध्यम से गिट्टी का परिवहन किया जाता है। इस अनियंत्रित और लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सितेपार–आमगांव सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और सड़क पहचानना भी मुश्किल हो गया है।
इस मार्ग से प्रतिदिन आने-जाने वाले स्कूली छात्र बार-बार गिरने से घायल हो रहे हैं, जिससे उनका शैक्षणिक नुकसान हो रहा है। वहीं गंभीर मरीजों को आमगांव अथवा जिला अस्पताल ले जाने में भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों ने तहसीलदार, उपविभागीय अधिकारी एवं जिला कलेक्टर को कई बार ज्ञापन सौंपे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इसी बीच आज एक मोटरसाइकिल सवार को टिप्पर ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इस घटना के बाद आक्रोशित नागरिकों ने चक्काजाम आंदोलन करते हुए टिप्परों को सड़क पर रोक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही गोंदिया के उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रोके गए वाहनों के दस्तावेजों की जांच की और ओवरलोड पाए गए वाहनों को वजन जांच के लिए धर्मकांटे पर भेजा।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही प्रशासन द्वारा निर्णय नहीं लिया गया, तो सात दिनों के भीतर बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन से मांग की जा रही है कि कम से कम अस्थायी रूप से ही सही, सड़क की मरम्मत शीघ्र कराई जाए।








