– एआई से बना वीडियो, वन विभाग ने खोली पोल
अमरावती :- सोशल मीडिया आज सूचना का सबसे तेज माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके साथ ही इसके दुरुपयोग के मामले भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि अमरावती शहर में चलती ट्रेन पर तेंदुए ने हमला कर दिया। वीडियो के सामने आते ही लोगों में दहशत फैल गई और तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं। उक्त वायरल वीडियो को लेकर वन विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि वीडियो भ्रामक और एआई तकनीक से बनाया है और इसका वास्तविक घटनाओं से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे आम जनता में डर
और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी वीडियो या संदेश पर बिना पुष्टि विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी वन्यजीव से जुड़ी घटना की आधिकारिक जानकारी केवल विभाग या प्रशासनिक स्रोतों से ही प्राप्त की जानी चाहिए। विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया का यह स्वरूप धीरे-धीरे सोशल” से अधिक एंटी सोशल बनता जा रहा है। जहां सूचना देने से ज्यादा सनसनी फैलाने की होड़ दिखाई देती है। गलत और अधूरी जानकारी न केवल समाज में भय पैदा करती है, बल्कि प्रशासन के लिए भी अनावश्यक समस्याए खड़ी कर देती है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि झूठी खबरें या भ्रामक वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी साथ ही नागरिकों से जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने और सत्यापित जानकारी को ही साझा करने की अपील की गई है।




