spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नायलॉन मांजे पर क्राइम ब्रांच का छापा, 78 चक्रियां जब्त

– मोमिनपुरा के गोदाम से 1.01 लाख रुपये का प्रतिबंधित मांजा बरामद

नागपुर :- प्रतिबंधित नायलॉन मांजे की बिक्री और भंडारण के खिलाफ नागपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच यूनिट क्रमांक-2 ने तहसील थाना क्षेत्र के अंसार नगर, मोमिनपुरा में छापेमारी कर एक गोदाम से प्रतिबंधित नायलॉन मांजे की 78 चक्रियां बरामद की हैं। जब्त माल की कुल कीमत 1 लाख 1 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस को 15 नवंबर को पेट्रोलिंग के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि अंसार नगर में मस्जिद के पास फैजान मोबाइल शॉपी के सामने स्थित एक गोदाम में प्रतिबंधित नायलॉन मांजा रखा गया है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने शाम 5 से 6:10 बजे के बीच पंचों की मौजूदगी में छापेमारी की। इस दौरान गोदाम में मौजूद अंसार नगर, मोमिनपुरा निवासी फैजान अख्तर (30) को हिरासत में लेकर गोदाम की तलाशी ली गई। तलाशी में मोनोकाइट, टुनटुन, शक्ति और मानोफिल गोल्ड सहित विभिन्न कंपनियों के लेबल वाली नायलॉन मांजे की कुल 78 चक्रियां मिलीं। पूछताछ में आरोपी फैजान ने बताया कि उसने यह प्रतिबंधित मांजा गोंदिया निवासी मनोजकुमार रेड्डी से इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से मंगवाया था। पुलिस ने फैजान अख्तर और फरार सप्लायर मनोजकुमार रेड्डी के खिलाफ तहसील पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। आरोपी को जब्त माल सहित आगे की कार्रवाई के लिए तहसील पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जबकि गोंदिया निवासी सप्लायर की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, डीसीपी (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और एसीपी (क्राइम ब्रांच) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शुभांगी देशमुख, सहायक पुलिस निरीक्षक चेतन बोरखड़े तथा उनकी टीम ने की।

Popular Articles