spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

2.003 किलो अफीम के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार

– नागपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, MP से नागपुर लाई जा रही थी नशे की खेप

नागपुर :- नागपुर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से अफीम लेकर आ रहे दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.003 किलोग्राम अफीम बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने अफीम की खेप के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों सहित कुल 30 लाख 65 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया है। यह कार्रवाई बूटीबोरी क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को नागपुर ग्रामीण पुलिस की एनडीपीएस टीम बूटीबोरी परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मध्यप्रदेश पासिंग की बोलेरो पिकअप और इकोस्पोर्ट कार से करीब एक से दो किलो अफीम लेकर कुछ लोग इस क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान बेला-सारशी मार्ग पर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के दो वाहन दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखकर वाहन चालकों ने रफ्तार बढ़ा दी और भिवापुर रोड की ओर भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने भिवापुर पुलिस की मदद से घेराबंदी की और नांदा गांव के पास दोनों वाहनों को रोक लिया। वाहनों की तलाशी लेने पर इकोस्पोर्ट कार की डिक्की से एक-एक किलो के दो पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में कुल 2.003 किलोग्राम अफीम पाई गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के नीमच जिले की जावद तहसील के बसेड़ीभाटी निवासी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पवन सत्यनारायण पाटीदार (30) और लोकेशकुमार सत्यनारायण उर्फ कालिदास पाटीदार (32) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि बरामद अफीम उनके लाइसेंसधारी खेत में उगाए गए अफीम के पौधों से संबंधित है। हालांकि, उनके इस दावे और अफीम के वास्तविक स्रोत की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में पुलिस ने अफीम, बोलेरो पिकअप, इकोस्पोर्ट कार और अन्य सामग्री सहित कुल 30 लाख 65 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी और इसे नागपुर में किसे पहुंचाया जाना था।

इन अधिकारियों-कर्मचारियों ने निभाई अहम भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नागपुर ग्रामीण हर्ष ए. पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के तथा उप विभागीय पुलिस अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक मयंक माधव के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के प्रभारी पुलिस निरीक्षक अंकुश माने के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम मोहेकर, सहायक पुलिस निरीक्षक अजित सिंह देवरे (पुलिस स्टेशन भिवापुर), पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण भिमटे, पुलिस हवलदार प्रवीण देव्हारे, प्रकाश ठोके, पुलिस नायक अमोल नागरे, पुलिस सिपाही अनिल खरडखेले तथा चालक पुलिस सिपाही अविनाश तोडसाम ने की।

वहीं, भिवापुर पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक सचिन उरकुडे, पुलिस उपनिरीक्षक स्वप्निल गेडाम, पुलिस सिपाही रोशन साहारे और पुलिस हवलदार सतीश राठौड़ सहित साइबर सेल की टीम ने भी कार्रवाई को सफल बनाने में सहयोग किया।

Popular Articles