spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

सिलेंडर विस्फोट में वेल्डर की मौत

– कारखाना मालिक पर मामला दर्ज

नागपुर :- यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के रहमत नगर स्थित एक फेब्रिकेशन कारखाने में सिलेंडर विस्फोट होने से 50 वर्षीय वेल्डर की दर्दनाक मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने कारखाना मालिक के खिलाफ लापरवाही के कारण मौत का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आजाद नगर, नई बस्ती टेका निवासी सईद अहमद वकील अहमद (50) के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी कारखाना मालिक फारुख नगर, टेका नाका निवासी अब्दुल कयूम अंसारी (55) है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे सईद अहमद रहमतनगर स्थित अंसारी फेब्रिकेशन कारखाने में गैस वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल शासकीय मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभ में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि कारखाने में उपयोग की जा रही गैस वेल्डिंग टॉर्च खराब थी और उससे गैस रिसाव हो रहा था। इसके बावजूद कारखाना मालिक ने उसे ठीक नहीं कराया और उसी स्थिति में काम जारी रखा। पुलिस का कहना है कि उपकरण की खराबी और गैस रिसाव की जानकारी होने के बावजूद आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, जिसके कारण यह हादसा हुआ। जांच के आधार पर कारखाना मालिक अब्दुल कयूम अंसारी के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच यशोधरा नगर पुलिस कर रही है।

Popular Articles