– शिवाजी साइंस कॉलेज हॉस्टल में अस्वच्छता और सुरक्षा को लेकर छात्राओं की शिकायत
नागपुर :- कांग्रेस नगर, धंतोली स्थित श्री शिवाजी साइंस कॉलेज के छात्रावास में अस्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने संबंधित प्रशासन को लिखित शिकायत देकर मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
छात्राओं के अनुसार, पिछले दो वर्षों से हॉस्टल के भोजन की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हॉस्टल की मेस में परोसे जाने वाले भोजन में कई बार कीड़े, लार्वा और अन्य बाहरी दूषित पदार्थ पाए गए हैं। इससे छात्राओं के स्वास्थ्य और भोजन की स्वच्छता पर सवाल उठ रहे हैं। छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल परिसर के साथ ही मेस की साफ-सफाई की स्थिति भी चिंताजनक है। मेस की रसोई की नियमित सफाई और उचित रखरखाव नहीं होने तथा भोजन तैयार करने और परोसने में आवश्यक स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत करने वाली छात्राओं को धमकाने का आरोप
भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर आवाज उठाने वाली कुछ छात्राओं को धमकाने का गंभीर आरोप भी शिकायत में लगाया गया है। छात्राओं ने मेस की स्थिति से संबंधित फोटो, वीडियो और अन्य सबूत उपलब्ध कराने की बात कही है।
छात्राओं ने कहा कि दो वर्षों से शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर हॉस्टल में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के साथ ही पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है।





