– आरोपी को गिरफ्तार किया गया
चंद्रपुर :- चंद्रपुर जिले के राजुरा स्थित जिला परिषद स्कूल से चोरी हुई 10 साइकिलों के मामले का राजुरा पुलिस ने कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई सभी साइकिलें बरामद कर ली हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक मोहन आत्राम (19), निवासी इंदिरानगर, चुनाला, तहसील राजुरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जिला परिषद स्कूल, राजुरा की नई इमारत में रखी 10 साइकिलें अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थीं। प्रत्येक साइकिल की कीमत लगभग 3 हजार रुपये थी और चोरी गए सामान की कुल कीमत 30 हजार रुपये आंकी गई। इस मामले में स्कूल से जुड़े किशोर लालाजी उईके (55), निवासी आंबेडकर वार्ड, राजुरा की शिकायत पर राजुरा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 545/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305, 331(3) और 331 (4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक नितीन चिंचोळकर के नेतृत्व में अपराध शाखा की टीम ने जांच शुरू की। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक मोहन आत्राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई सभी 10 साइकिलें बरामद कर लीं। बरामद साइकिलों की कुल कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।




