Home Hindi सामूहिक नकल का खुलासा

सामूहिक नकल का खुलासा

0
2

– जेडी चौधरी कॉलेज के 118 छात्र अनुत्तीर्ण घोषित

हिंगनघाट :- जिले के समुद्रपुर तहसील के वाशी स्थित जे. डी. चौधरी जूनियर कॉलेज में बारहवीं परीक्षा के दौरान हुए सामूहिक नकल प्रकरण का बड़ा खुलासा हुआ है. नागपुर विभागीय शिक्षण मंडल ने इस मामले में कुल 118 छात्रों को अनुत्तीर्ण घोषित किया है और सभी को जीवविज्ञान (बायोलॉजी) विषय में शून्य अंक दिए गए हैं. इस निर्णय से छात्र और अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया है. बारहवीं की परीक्षा 10 फरवरी से 11 मार्च के बीच विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी. वाशी के इस केंद्र पर परीक्षा देने वाले कई छात्रों ने जीवविज्ञान के पेपर में एक जैसे उत्तर लिखे थे, जो मूल्यांकन के दौरान सामने आया. मॉडरेटर ने इस संबंध में शिक्षण मंडल को शिकायत दी, जिसके बाद विस्तृत जांच की गई. संबंधित छात्रों को नागपुर बोर्ड में मौखिक सत्यापन के लिए बुलाया गया था. जांच में सामूहिक नकल की पुष्टि होने के बाद मंडल ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 118 छात्रों को अनुत्तीर्ण कर दिया. इस प्रकरण में संबंधित परीक्षा केंद्र को स्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया गया है

तथा नकल में मदद करने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू है. स्कूल के मुख्याध्यापक और संस्था पर भी कार्रवाई की जाएगी, ऐसी जानकारी नागपुर शिक्षण मंडल के अध्यक्ष द्वारा दी गई है. इस पृष्ठभूमि में 2 मई को हिंगनघाट में नागरिकों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए जे. डी. चौधरी कॉलेज के संचालक के निवास पर पहुंचकर जवाब मांगा. ‘हमारे एडमिशन के पैसे वापस करो,’ ऐसी जोरदार मांग अभिभावकों ने की. इस दौरान नंदोरी रोड के एक अकादमी संचालक ने लोगों के सामने अपनी भूमिका रखते हुए स्थिति संभालने का प्रयास किया, ऐसा भी सामने आया है. इस पूरे प्रकरण के चलते, राज्य के शिक्षण राज्यमंत्री का संबंध वर्धा जिले से होने के बावजूद जिले की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. इस बीच, यहां डमी एडमिशन के माध्यम से बड़ी रकम वसूले जाने के चौंकाने वाले आरोप सामने आए हैं.