– कामठी में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
नागपुर :- पुरानी रंजिश के चलते शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में जूनी कामठी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 16 नवंबर 2026 को सुबह 10:45 से 11:30 बजे के बीच जूनी कामठी थाना क्षेत्र में बावनकर की देसी शराब दुकान के पीछे स्थित विक्की बार के पास हुई। शिकायतकर्ता शराब पीने के लिए वहां गया था। इसी दौरान आरोपी रुईगंज मैदान के पीछे, कामठी निवासी अंकित प्रकाश शेवते (36) और इस्माइलपुरा, नया बाजार, कामठी निवासी शाहिद अख्तर (44) भी वहां शराब पी रहे थे। बताया गया कि शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने शिकायतकर्ता को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर जूनी कामठी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।






