नागपुर :- शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर एक 54 वर्षीय शिक्षिका से 74 लाख 36 हजार 143 रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी वेबसाइट, व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया ऐप के जरिए शिक्षिका का विश्वास जीतकर अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर लाखों रुपये ट्रांसफर करवाए। इस मामले में साइबर पुलिस ने दो महिलाओं समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता (54) वर्षीय महिला पेशे से शिक्षिका हैं। 11 सितंबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 के दौरान वह गूगल पर शेयर मार्केट में निवेश के बेहतर विकल्प तलाश रही थीं। इसी दौरान उन्हें AFRIN DIA नाम की वेबसाइट दिखाई दी। वेबसाइट के माध्यम से वह व्हाट्सएप पर एक ग्रुप से जुड़ गईं। इस ग्रुप में शामिल एक महिला ने उनसे संपर्क कर शेयर मार्केट में निवेश करने पर भारी मुनाफा मिलने का लालच दिया और धीरे-धीरे उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें AFRIN DIA के नाम से फर्जी इन्वेस्टमेंट एग्रीमेंट भेजा और वेबसाइट पर निवेश के लिए खाता खुलवाया। बाद में उन्हें Arratai नामक सोशल मीडिया ऐप के एक अन्य ग्रुप में शामिल किया गया।
इस ग्रुप में शामिल दूसरी महिला ने शिक्षिका को अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजकर उनमें निवेश की रकम जमा करने के निर्देश दिए। आरोपियों के झांसे में आकर शिक्षिका ने अपने विभिन्न बैंक खातों से कई बार यूपीआई और आरटीजीएस के जरिए कुल 74,36,143 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपियों ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।






