– 10.88 लाख की ठगी, तहसील थाने में मामला दर्ज
नागपुर :- शहर में सस्ते तेल और चीनी के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने थोक बाजार से कम कीमत पर विभिन्न ब्रांडों के तेल के डिब्बे और चीनी उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक महिला और उसके परिचितों से कुल 10 लाख 88 हजार 400 रुपये ऐंठ लिए। लंबे समय तक माल नहीं मिलने पर जब महिला ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने विवाद करते हुए पैसे और माल दोनों भूल जाने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता पंचशील नगर, पांचपावली निवासी नंदना संजय वासनिक (50) की पहचान आरोपी तकिया दीवान शाह, काला झंडा, मोमिनपुरा निवासी मुश्ताक अहमद गफूर अहमद अब्दुल रशीद शेख (45) से थी। आरोपी ने दावा किया था कि वह बाजार भाव से कम कीमत पर तेल के डिब्बे और चीनी थोक में बेचता है तथा इसके लिए उसके पास आवश्यक लाइसेंस भी है। उसकी बातों पर भरोसा कर नंदना वासनिक, उनकी बेटी आकांक्षा वासनिक और परिचितों ने विभिन्न ब्रांडों के तेल खरीदने के लिए आरोपी के साथ आर्थिक लेनदेन किया। शुरुआत में आरोपी ने तय दरों पर कुछ समय तक व्यवहार भी किया, जिससे उनका विश्वास बढ़ गया। इस दौरान एटीएम के माध्यम से नकद लेनदेन सहित कुल 10,88,400 रुपये आरोपी को दिए गए। हालांकि, पैसे लेने के बाद आरोपी पिछले दो महीनों से माल देने में टालमटोल करने लगा। जब शिकायतकर्ता ने इस बारे में पूछताछ की, तो आरोपी ने झगड़ा करते हुए साफ कह दिया कि अब न तो माल मिलेगा और न ही पैसे वापस मिलेंगे। आरोपी द्वारा कम कीमत पर तेल और चीनी उपलब्ध कराने का झांसा देकर आर्थिक लाभ के लिए धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पर तहसील पुलिस ने मुश्ताक अहमद शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






