– ‘समान काम, समान वेतन’ की मांग का समर्थन
नागपुर :- न्यायालयीन कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर नागपुर में जारी आंदोलन को जिला वकील संघ, नागपुर (District Bar Association, Nagpur) ने अपना खुला समर्थन दिया है। संघ के पदाधिकारियों ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों की मांगों और आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
इस अवसर पर कहा गया कि ‘समान काम, समान वेतन’ न्यायालयीन कर्मचारियों की एक न्यायसंगत और उचित मांग है। न्याय व्यवस्था के दैनिक कामकाज में न्यायालयीन कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे न्यायदान प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे में उनके कार्य और योगदान को ध्यान में रखते हुए सरकार को उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक विचार कर उचित निर्णय लेना चाहिए।
इस दौरान जिला वकील संघ के अध्यक्ष एड. प्रकाश जायसवाल, उपाध्यक्ष एड. विकास करहाड़े, संयुक्त सचिव एड. पंकज राजवाडे, कार्यकारिणी सदस्य एड. सुशांत पाटील, एड. मंगेश लढ़े, एड. नवजोत सोनी तथा वरिष्ठ एड. उदय डबले उपस्थित थे।
जिला वकील संघ की ओर से स्पष्ट किया गया कि न्यायालयीन कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में संघ उनके साथ मजबूती से खड़ा है। न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए उससे जुड़े प्रत्येक घटक को सम्मान और उसके उचित अधिकार मिलना आवश्यक है।






