नागपुर :- जिले में राज्य शिक्षा मंडल से संबद्ध स्कूलों में 6 नवंबर से दिवाली की छुट्टियां शुरू होंगी जो 18 नवंबर तक जारी रहेंगी। इससे पहले विभाग ने 5 से 28 नवंबर तक छुट्टियां घोषित की थीं लेकिन इस निर्णय को बदलकर नया परिपत्रक जारी किया गया है। हालांकि, छुट्टियां 6 नवंबर से शुरू होंगी लेकिन 7 को शनिवार होने के कारण एक दिन पहले से ही छुट्टी का माहौल बन जाएगा। इसके बाद स्कूलों को संकलित मूल्यांकन परीक्षा-1 और अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी में जुटना होगा।
हर साल स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों के अलावा दिवाली की लंबी छुट्टियां दी जाती हैं। इस वर्ष प्राथमिक स्कूलों को 13 दिन की छुट्टियां मिलेंगी। नागपुर जिले की तुलना में राज्य के अन्य जिलों में इस बार छुट्टियों में बढ़ोतरी हुई है। विदर्भ को छोड़कर अन्य जिलों में 15 दिन से अधिक की छुट्टियां हैं। पोला सहित अन्य दिनों पर स्थानीय स्तर की छुट्टियां होने से यहां कम छुट्टी मिलती है। स्कूल खुलने के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को तुरंत संकलित मूल्यांकन परीक्षा-1 की तैयारी करनी होगी। राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से नवंबर के अंतिम सप्ताह में यह परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।. परीक्षा में गणित, अंग्रेजी और मराठी विषयों का संकलित मूल्यांकन किया जाएगा। जबकि अन्य विषयों की परीक्षाएं स्कूल स्तर पर आयोजित होंगी। ऐसे में दिवाली की छुट्टियां समाप्त होने के बाद स्कूलों को महज एक सप्ताह के भीतर परीक्षा आयोजित करने की तैयारी करनी पड़ेगी।








