spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त

– पानी का बहाव की रफ्तार बढ़ी

गोंदिया :- गोंदिया जिले में पिछले दो-तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले के तमाम नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच सडक अर्जुनी तालुका के चुलबंद नदी में एक बेहद चौंकाने वाली और थर्रा देने वाली घटना सामने आई है। लगातार हो रही बारिश के कारण सुबह तक सूखी पड़ी चुलबंद नदी में अचानक पानी का बहाव और रफ्तार इतनी बढ़ गई कि नदी के किनारे रहने वाले ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इस अचानक आई बाढ़ में रेत का परिवहन करने वाले कई बैलगाड़ी चालक नदी के दूसरे किनारे पर फंस गए, जबकि चरवाहों की तत्परता से दर्जनों मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

सडक अर्जुनी तालुका के सौंदल, राका और पलसगांव इलाके से गुजरने वाली चुलबंद नदी का तल सुबह तक पूरी तरह सूखा हुआ था। लेकिन कैचमेंट एरिया में लगातार हुई भारी बारिश के कारण स्थानीय ‘सशीकरण नाले’ में भारी उफान आ गया। इस नाले का पानी चुलबंद नदी में समाहित होने से नदी ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया और पानी की रफ्तार कई गुना बढ़ गई।

नदी में अचानक आए इस बहाव के कारण वहां रेत (रेती) निकालने गए बैलगाड़ी चालक नदी के दूसरे किनारे पर ही फंसे रह गए। पानी का वेग इतना तेज है कि सीधे नदी पार करना नामुमकिन हो गया है। अब इन बैलगाड़ी चालकों को पलसगांव-राका मार्ग पर स्थित चुलबंद नदी के पुल से एक बड़ा चक्कर लगाकर सुरक्षित वापस लौटना पड़ेगा।

तटीय गांवों के लिए अलर्ट जारी

फिलहाल, चुलबंद नदी पर बने कोल्हापुरी बांध (बंधारे) के ऊपर से पानी बेहद तेज रफ्तार से बह रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण सडक अर्जुनी तालुका की लगभग सभी सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं। प्रशासन ने नदी के किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। हालांकि, नदी में अचानक आए इस पानी से बारिश पर निर्भर रहने वाले स्थानीय किसानों को बड़ी राहत मिली है और खेती के काम में तेजी आने की उम्मीद है।

गुजरात में 19 लोगों का रेस्क्यू

गुजरात के मेंडरडा क्षेत्र के समधियाला गांव के पास बाढ़ के तेज बहाव में चार वाहन फंस गए। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और सभी 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महाराष्ट्र के नालासोपारा रेलवे स्टेशन के बाहर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे यात्रियों को पानी के बीच से होकर स्टेशन तक पहुंचना पड़ा। वहीं, लगातार बारिश को देखते हुए पालघर जिले में एहतियात के तौर पर स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुई तेज बारिश के बाद सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर में पानी भर गया। स्थिति को देखते हुए मरीजों को तत्काल दूसरे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.