देहरादून :- उत्तराखंड के चमोली जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गोपेश्वर–पोखरी मार्ग पर एक कार बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक बेटा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि खाई में गिरते ही कार में आग लग गई, जिससे सबकुछ राख में तब्दील हो गया। जानकारी के मुताबिक, जल विद्युत निगम लिमिटेड के अधिशासी अभियंता अरविंद त्रिपाठी (57) अपनी पत्नी अनीता त्रिपाठी, और दो बेटों अनंत (22) व अंबुज (25) के साथ गुरुवार को पोखरी के विशाल पाव गांव पहुंचे थे, जो अनीता का मायका है। शाम को परिवार लौट रहा था कि गोपेश्वर–पोखरी रोड पर अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के कुछ ही क्षण बाद कार से धुआं और फिर लपटें उठने लगीं। गिरते समय कार का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और टक्कर लगते ही आग फैल गई। अरविंद, उनकी पत्नी और एक बेटा कार से बाहर जा गिरे, लेकिन छोटा बेटा अनंत अंदर ही फंसा रह गया। आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।








