– फल्ली गुप्ता समेत पांच गिरफ्तार, 1.54 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद
नागपुर :- शहर के नरेंद्रनगर स्थित विजया अपार्टमेंट के एक फ्लैट पर छापेमारी कर पुलिस ने करीब 1.54 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स जब्त की। मामले में कुख्यात तस्कर विशाल उर्फ फल्ली पृथ्वीलाल गुप्ता (24) समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि फल्ली महाराष्ट्र के बाहर रहकर व्हाट्सऐप कॉल के जरिए तस्करी के नेटवर्क को नियंत्रित करता था।
पुलिस के अनुसार, शुभम उर्फ डोरेमॉन दिलीप नरवारिया (31) ने फल्ली के कहने पर पिछले महीने यह फ्लैट किराये पर लिया था। यहां बाहर से आने वाली ड्रग्स की खेप रखी जाती थी और उसे छोटी पुड़ियों में बांटकर नागपुर के स्थानीय वितरकों तक पहुंचाया जाता था। इस तरह फ्लैट बाहरी राज्यों के आपूर्तिकर्ताओं और शहर के वितरकों के बीच अहम कड़ी बन गया था।
राजस्थान से आती थी खेप
पुलिस की जांच में पता चला है कि राजस्थान से वाहनों के जरिए एमडी ड्रग्स नागपुर लाई जाती थी। स्थानीय वितरकों की मांग के अनुसार इसकी आपूर्ति की जाती थी। कुछ मौकों पर आरोपियों के मध्य प्रदेश जाकर ड्रग्स लाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि फल्ली व्हाट्सऐप कॉल के जरिए पूरे नेटवर्क को निर्देश देता था।
फ्लैट में रहते थे तीन आरोपी
शुभम नरवारिया के साथ अनिकेत उर्फ अन्नू संजय बिहारे (19) और कृष्णा सुनील वर्मा (19) भी फ्लैट में रहते थे। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप पर हुई बातचीत और कथित लेन-देन की जांच कर रही है। साथ ही, नागपुर में फैले वितरण नेटवर्क और बाहरी राज्यों के आपूर्तिकर्ताओं से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।








