– सेंट्रल एवेन्यू परिसर में हादसा, कंप्रेसर की गैस से भड़की लपटें
नागपुर :- सेंट्रल एवेन्यू स्थित गीतांजलि टॉकीज के पास रविवार सुबह एक फ्रिज की दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पास के दो घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दोनों घरों के परिवार समय रहते बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुकान और घरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार, दुकान संचालकों का काफी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8.45 बजे मोहम्मद अशपाख और मोहम्मद अतीक की अल कौसर रेफ्रिजरेशन दुकान में आग लगी। दुकान में फ्रिज, एयर कंडीशनर, वॉशिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखे थे। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। गंजिपेठ अग्निशमन केंद्र से दमकलकर्मी करीब पांच मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गए। दुकान में रखे रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर में मौजूद गैस और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। लपटों ने पास में स्थित रमेश बाभला और मनोज श्रीवास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता देखते हुए दोनों परिवारों ने तत्काल घर खाली कर दिए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग फैलने के कारण दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पहले मनोज श्रीवास के घर में लगी आग पर काबू पाया गया, इसके बाद दुकान और अन्य प्रभावित हिस्सों में पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब तीन घंटे की कोशिशों के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
आग में दुकान में रखे फ्रिज, एयर कंडीशनर, वॉशिंग मशीन, कंप्रेसर, बिजली के तार, पंखे और फर्नीचर सहित अन्य सामान जल गया। अग्निशमन विभाग के शुरुआती आकलन के अनुसार, दुकान में करीब लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घरों का सामान भी जलकर राख
आग से रमेश बाभला के घर का फर्नीचर, पीओपी और बिजली के तार सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, मनोज श्रीवास के घर में रखे कपड़े, तिरपाल और अन्य सामान जल गया। श्रीवास के अनुसार, घर में रंगाई का काम चल रहा था और कुछ सामान पहले ही बाहर निकाल दिया गया था। इससे नुकसान कुछ हद तक कम हुआ। उन्होंने बताया कि घर में रखे करीब 5 हजार रुपये नकद भी आग में जल गए।
दुकान संचालक मोहम्मद अतीक ने बताया कि रविवार होने के कारण दुकान पर कोई नहीं था। उन्हें आग लगने की सूचना आसपास के नागरिकों से मिली। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








