spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

बुजुर्गों को गडकरी की ‘ई-बस’ सौगात

– गणेशोत्सव पर वरिष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान को ताहफा

नागपुर :- वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीर्थ यात्रा और सामाजिक गतिविधियों को सुगम बनाने की दिशा में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक और ई-बस उपलब्ध कराई। गणेशोत्सव के अवसर पर महल स्थित गडकरी वाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में यह बस ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान को सौंपी गई। नई बस के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीर्थस्थलों की निःशुल्क यात्राओं का दायरा बढ़ाने की योजना है।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. राजीव पोतदार, अशोक लेलैंड के प्रबंध निदेशक शेनू अग्रवाल, कॉरपोरेट अफेयर्स के उपाध्यक्ष यशपाल सच्चर, भंडारा प्लांट हेड राजेंद्र चंद्रशेखर टी, उमेश्वर राव, रौनक श्रीवास्तव, प्रितेश चांडक, ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान के सचिव डॉ. राजू मिश्रा, कोषाध्यक्ष अशोक मानकर, ट्रस्टी प्रभाकर येवले और सुनील अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

शिर्डी को भी तीर्थ यात्रा में शामिल करने पर विचार

इस अवसर पर नितिन गडकरी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में आनंद और सक्रियता बनाए रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। प्रतिष्ठान की ओर से स्वास्थ्य, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीर्थ यात्राओं का आयोजन भी किया जाता है। वर्तमान में आदासा-धापेवाड़ा, रामटेक और कोराडी सहित विभिन्न स्थानों की यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। नई बस के माध्यम से शिर्डी को भी तीर्थ यात्रा के दायरे में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने सामाजिक कार्यों में हिंदुजा परिवार की ओर से मिल रहे सहयोग का भी उल्लेख किया।

यह ई-बस अशोक लेलैंड की सीएसआर पहल के तहत स्विच मोबिलिटी द्वारा उपलब्ध कराई गई है। बस में 45 यात्रियों के बैठने की क्षमता है और एक बार चार्ज करने पर यह करीब 340 किलोमीटर तक चल सकती है। इसमें आरामदायक पुशबैक सीट और एयर कंडीशनिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।

पांचवीं ई-बसें हुईं शामिल

ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान के पास पहले से चार ई-बसें हैं। नई बस के शामिल होने के बाद यह संख्या पांच हो गई है। प्रतिष्ठान की बस सेवा के माध्यम से पिछले सात वर्षों में करीब चार लाख वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क यात्राओं का लाभ ले चुके हैं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.