– हजरत बाबा ताजुद्दीन के 104वें सालाना उर्स पर दरगाह पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी
नागपुर :- हजरत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के 104वें सालाना उर्स के अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी शनिवार को ताजाबाग दरगाह पहुंचे। उन्होंने बाबा की मजार पर चादर अर्पित कर देश में अमन, शांति और समृद्धि की दुआ मांगी। इसके बाद वे हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट द्वारा आयोजित प्रसिद्ध कव्वाल मुस्तफा नाजा के कव्वाली कार्यक्रम में शामिल हुए।
अपने संबोधन में नितिन गडकरी ने कहा कि हजरत बाबा ताजुद्दीन की दरगाह सर्वधर्म समभाव और सांझी संस्कृति का प्रतीक है, जहां सभी धर्मों के लोग समान श्रद्धा के साथ माथा टेकने आते हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने दरगाह परिसर के विकास के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, ताकि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से सुसज्जित किया जा सके। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में आने वाला प्रत्येक रुपया श्रद्धालुओं की सुविधा और विकास कार्यों पर ही खर्च होना चाहिए। बाबा के नाम पर आने वाली राशि में किसी भी प्रकार की अनियमितता या हेराफेरी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि ‘बाबा के पैसों पर नजर रखने वालों का कभी भला नहीं होगा।‘
गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा उपलब्ध हो
केंद्रीय मंत्री ने शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए ट्रस्ट से ताजबाग परिसर में सीबीएसई स्तर का विद्यालय, सर्वसुविधायुक्त अस्पताल और बच्चों के लिए खेल मैदान विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के गरीब और जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने हिस्से का इंजीनियरिंग कॉलेज अंजुमन इस्लाम ट्रस्ट को सौंपा था, जहां आज हजारों विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी दरगाह क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने का आग्रह किया, ताकि श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, सुरक्षित वातावरण में दर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे जिया खान, सचिव ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जिचकार, ट्रस्टी हाजी फारूक बावला, मुस्तफा टोपीवाला, हाजी इमरान खान ताजी, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया तथा हजरत बाबा ताजुद्दीन खुद्दाम ट्रस्ट के अध्यक्ष सैयद मोबीन ताजी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। ट्रस्ट की ओर से केंद्रीय मंत्री गडकरी का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रसिद्ध कव्वाल मुस्तफा नाजा द्वारा प्रस्तुत मशहूर कव्वाली ‘ढलता सूरज धीरे-धीरे…’ का भी आनंद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जायरीन और श्रद्धालु उपस्थित रहे।








