– गोटाड पांजरी में मचा हड़कंप, समय रहते लीकेज दुरुस्त होने से टला बड़ा खतरा
नागपुर :- गोधनी रेलवे नगर पंचायत क्षेत्र में क्लोरीन गैस रिसाव की घटना का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार को वेला ग्राम पंचायत के गोटाड पांजरी स्थित महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण (एमजेपी) के जलशुद्धिकरण केंद्र में गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। केंद्र में लगाए गए 900 किलो क्षमता के भरे सिलेंडर से शाम करीब 5 बजे अचानक गैस की तेज दुर्गंध आने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गोटाड पांजरी स्थित एमजेपी के जलशुद्धिकरण केंद्र में गुरुवार को ही 900 किलो क्षमता का भरा हुआ सिलेंडर लगाया गया था। शाम करीब 5 बजे सिलेंडर से गैस रिसाव की आशंका के चलते परिसर में तेज दुर्गंध फैलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्र के कर्मचारियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही वेला ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच सचिन इंगले भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल बेलतरोड़ी पुलिस थाने और बेसा नगर पंचायत के मुख्याधिकारी भारत नंदनवार को घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्याधिकारी ने सुरक्षा के मद्देनजर अग्निशमन वाहनों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।

इधर, सूचना मिलते ही महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने सुरक्षा के आवश्यक उपाय करते हुए सिलेंडर के लीकेज को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए आसपास के नागरिकों को भी सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
एमजेपी की टीम ने संभाला मोर्चा:
कुछ ही देर में गैस रिसाव की खबर आसपास के क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में नागरिक मौके पर पहुंच गए। वेला ग्राम पंचायत सदस्य आशीष भोयर सहित सैकड़ों नागरिक घटनास्थल पर जमा हो गए थे। हालांकि, समय रहते प्रशासन और एमजेपी की टीम ने स्थिति संभाल ली। सिलेंडर का लीकेज दुरुस्त किए जाने के बाद नागरिकों ने राहत की सांस ली।
समयसूचकता से टला बड़ा संकट
पूर्व सरपंच सचिन इंगले ने बताया कि गोधनी क्षेत्र में गैस रिसाव की घटना अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुई थी कि गोटाड पांजरी में दूसरी घटना सामने आ गई। उन्होंने तत्काल संबंधित विभाग, अग्निशमन विभाग, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एसीपी हिवरे तथा बेसा नगर पंचायत के मुख्याधिकारी भारत नंदनवार को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और एमजेपी की टीम मौके पर पहुंची और सिलेंडर का लीकेज दुरुस्त किया।
स्थानीय नागरिकों ने सचिन इंगले की समयसूचकता की सराहना की। उनका कहना था कि पद पर नहीं होने के बावजूद उन्होंने घटना की गंभीरता को समझते हुए तत्काल प्रशासन को सूचित किया। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल लीकेज दुरुस्त होने के बाद प्रशासन और नागरिकों ने राहत की सांस ली है।





