– सुबह घर से निकली थी 16 वर्षीय छात्रा, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
नागपुर :- अंबाझरी तालाब में बुधवार सुबह एक 16 वर्षीय किशोरी के पहुंचने और पानी में कूदने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद सतर्क स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
धर्मपेठ के गवलीपुरा निवासी कक्षा 11वीं की छात्रा के सुबह घर से लापता होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, तड़के करीब 4 बजे उसके पिता ने देखा कि वह घर पर नहीं है। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं मिलने पर सीताबर्डी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस किशोरी की तलाश कर ही रही थी कि सुबह करीब 9 बजे वह अंबाझरी तालाब पहुंची। वहां पानी में जाने के बाद आसपास मौजूद स्थानीय गोताखोरों की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पानी में उतरकर किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी मिलते ही अंबाझरी पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में किशोरी को आगे की पूछताछ के लिए सीताबर्डी पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को किशोरी के डिप्रेशन से गुजरने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसकी काउंसलिंग कराई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। इस घटना ने संकट की स्थिति में बच्चों और किशोरों पर समय रहते ध्यान देने तथा उन्हें भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराने की जरूरत को रेखांकित किया है। पुलिस ने परिजनों से अपील की है कि वे बच्चों के व्यवहार में आने वाले गंभीर बदलावों पर ध्यान दें और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लें।





