प्रतिनिधि, भंडारा :- भंडारा में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुई शर्मनाक और अमानवीय घटना ने पूरे जिले सहित प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। इसी कड़ी में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता हाजी उबेद पटेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए इस कृत्य की तीव्र निंदा की है और आरोपी को तत्काल फांसी की सजा देने की मांग की है।
“नरभक्षी को मिले कड़ी सजा” हाजी उबेद पटेल ने अपने बयान में कहा, “भंडारा में साढ़े तीन साल की मासूम के साथ जो हुआ, वह मानवता पर कलंक है। उस नरभक्षी ने बच्ची के साथ जो दुष्कर्म किया है, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। ऐसे अपराधियों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है। हमारी मांग है कि इस मामले को तुरंत ‘फास्ट ट्रैक कोर्ट’ में चलाया जाए और अपराधी को कठोरतम सजा के रूप में फांसी दी जाए।”
“उठाओ जूते और चप्पल” समाज में बढ़ती छेड़खानी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पटेल ने स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं को एक साहसी संदेश दिया। उन्होंने कहा, “मेरी बेटियों जैसी जो भी लड़कियां पढ़ाई के लिए बाहर निकलती हैं, उनसे मेरा कहना है कि अब डरने का समय चला गया है। अगर कोई आपकी फोटो खींचता है, आपको परेशान करता है या सीटी मारता है, तो चुप मत रहिए। सबसे पहले उसे अपने जूते और चप्पलों से सबक सिखाइए।”
हौसला बढ़ाते हुए हाजी उबेद पटेल ने एक बड़ी जिम्मेदारी लेने का ऐलान किया। उन्होंने सार्वजनिक रूप से वादा करते हुए कहा, “अगर अपनी अस्मत की रक्षा के लिए आप किसी गलत व्यक्ति पर हाथ उठाती हैं या उसे सबक सिखाती हैं, और उस वजह से आप पर कोई केस आता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। वह केस हाजी उबेद पटेल अपने ‘अंग’ (अपने ऊपर) पर लेगा। यह मेरा आप सभी से वादा है। मैं हर कदम पर अपनी बहनों और बेटियों के साथ खड़ा रहूँगा।” वहीं प्रशासन से भी मांग की जा रही है कि महिला सुरक्षा हेतु जिले में कड़े कदम उठाए जाएं।





