– कार का रंग बदलकर करता था रेकी
नागपुर :- पांचपावली पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आसीनगर निवासी जिशान अब्दुल हफीज शेख (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो मोपेड और वारदात में इस्तेमाल कार समेत कुल 3.35 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, टेका नाका निवासी नितीन भारत रंगारी (39) ने पांचपावली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी काले रंग की मोपेड क्रमांक एमएच-49/बीपी-3274 टेका नाका स्थित देशी शराब दुकान के सामने खड़ी की थी। शराब का सेवन करने के बाद वे पास में ही सो गए। शाम करीब 7 बजे उठने पर मोपेड गायब मिली। अज्ञात आरोपी हैंडल लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर ले गया था। मोपेड की कीमत करीब 30 हजार रुपये थी।
जांच के दौरान पुलिस को जिशान के बारे में गुप्त सूचना मिली। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने चोरी की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी सफेद कार एमएच-12/एनएक्स-0580 को काले रंग में पेंट कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके कब्जे से रंगारी की मोपेड के अलावा शांतिनगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई मोपेड एमएच-31/ईएल-1842 और कार जब्त की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।







