– बायोमेट्रिक ई-केवाईसी अधूरी होने पर बुकिंग में दिक्कत
नागपुर :- घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण अब महत्वपूर्ण हो गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की नई व्यवस्था के तहत जिन उपभोक्ताओं की बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई है, उन्हें सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ई-केवाईसी पूरी होने तक ऐसे उपभोक्ताओं को बाजार दर पर छोटे 5 या 10 किलो के सिलेंडर खरीदने पड़ सकते हैं।
इस व्यवस्था को लेकर नागपुर में कई उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने पहले ही ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन सिस्टम में उनका बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अपडेट नहीं दिखाई दे रहा है। इसके चलते सब्सिडी वाले रिफिल की बुकिंग नहीं हो पा रही है। शहर की कई एलपीजी एजेंसियों को इस संबंध में उपभोक्ताओं की शिकायतें मिलने की जानकारी सामने आई है।
89.9 फीसदी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी:
उद्योग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, देशभर में करीब 27.43 करोड़ यानी 89.9 फीसदी सक्रिय एलपीजी उपभोक्ताओं की बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है और उन्हें लागू सब्सिडी के साथ एलपीजी सिलेंडर मिल रहे हैं। शेष उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण पूरा करना आवश्यक होगा।
गुरुवार को नई व्यवस्था की जानकारी सामने आने के बाद कुछ एलपीजी एजेंसियों पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। एजेंसी संचालकों का कहना है कि आने वाले दिनों में अधिक उपभोक्ताओं को प्रक्रिया की जानकारी मिलने के साथ शिकायतों की संख्या बढ़ सकती है।जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण नहीं करा पाते या नहीं कराना चाहते, उन्हें संबंधित एलपीजी कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी स्थिति दर्ज करनी होगी। ऐसे उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा और उन्हें छोटे सिलेंडर बाजार दर पर खरीदने पड़ सकते हैं। वहीं, बायोमेट्रिक ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद सिस्टम में स्थिति अपडेट होने पर सब्सिडी वाली बुकिंग फिर शुरू होने की उम्मीद है।
नागपुर में कमर्शियल एलपीजी 63.50 रुपये महंगा
इधर, खाद्य एवं होटल कारोबार से जुड़े लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। मासिक मूल्य समीक्षा के तहत गुरुवार से नागपुर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 63.50रुपये बढ़ गई है। इसके बाद कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,925 से बढ़कर 2,988.50 रुपये हो गई है। वहीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।








