– प्रणवी उर्स ने गोल्फ में रचा इतिहास, कुमकुम मोहोद रिकर्व इंडिविजुअल में पहली भारतीय महिला चैंपियन
नागोया (जापान) :- एशियन गेम्स में भारत ने 18वां स्वर्ण पदक जीत लिया है। प्रणवी उर्स ने महिला व्यक्तिगत गोल्फ स्ट्रोक प्ले में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गईं। प्रणवी ने चार राउंड में 15 अंडर 265 का स्कोर किया।
फाइनल राउंड में प्रणवी ने 70 का स्कोर बनाया। तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए तीन बर्डी लगाईं और एक शॉट की बढ़त के साथ स्वर्ण पदक जीता। एशियन गेम्स गोल्फ में भारत को 2002 के बाद यह पहला गोल्ड मिला है। इससे पहले शिव कपूर ने पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण जीता था।
कुमकुम मोहोद ने भी रचा इतिहास
17 वर्षीय भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने रिकर्व महिला व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में नीरज चौहान ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने अपने साथी तीरंदाज धीरज बोम्मदेवरा को हराकर कांस्य अपने नाम किया। मुकाबले के बाद दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गले लगाया।रिकर्व में भारत का अभियान 2 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज के साथ समाप्त हुआ। वहीं, कंपाउंड वर्ग में भारत ने 3 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज जीता। इस तरह तीरंदाजी में भारत ने कुल 5 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज यानी 9 पदक जीते।
सागर जगलान ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में
रेसलिंग के पुरुष 74 किग्रा फ्रीस्टाइल रेपेचेज में सागर जगलान ने उज्बेकिस्तान के रजामबेक जमालोव को 7-3 से हराकर कांस्य पदक मुकाबले में जगह बनाई। सभी पदक मुकाबले दोपहर के सत्र में खेले जाएंगे।
महिला टीम ने जीता सिल्वर
गोल्फ के महिला टीम इवेंट में भारत ने रजत पदक जीता। प्रणवी उर्स, अदिति अशोक और दीक्षा डागर की भारतीय टीम ने 14 अंडर 546 का स्कोर किया। चीन ने 22 अंडर 538 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। शनिवार को भारत ने कुल चार पदक जीते। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 80 हो गई है।








