spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

भारतीय पायलट पर हमला करने वाला हमाम अल-हमामी

– अलकायदा की विचारधारा से प्रभावित होने का दावा

दुबई :- दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला करने वाले को-पायलट की पहचान ओमान निवासी हमाम अल-हमामी के रूप में हुई है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वह लंबे समय तक सीरिया में रहा था और उसके कथित कट्टरपंथी विचारों को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके थे।

इजराइल के चैनल 12 की रिपोर्ट के अनुसार, जांचकर्ताओं को अल-हमामी के अलकायदा की विचारधारा से प्रभावित होने के कथित सबूत मिले हैं। आई24 न्यूज ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि पूछताछ के दौरान उसने विमान को इजराइल में क्रैश कराने की इच्छा जताई थी। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कॉकपिट में किया हमला

30 सितंबर को उड़ान के दौरान अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन मच्छर पर चाकू से हमला किया। हमले के बाद विमान तेजी से नीचे जाने लगा। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने हमलावर का मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर को-पायलट को काबू किया। विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।

2024 में ओमान एयर की ट्रेनिंग से हटाया गया:

सीएनएन के मुताबिक, अल-हमामी को 2024 में ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन में पायलट ट्रेनिंग से हटा दिया गया था। रिपोर्ट में उसके कथित कट्टरपंथी विचारों को इसका कारण बताया गया है। बाद में उसे एयरलाइन में दूसरी जिम्मेदारी दी गई। फॉक्स न्यूज ने एक सूत्र के हवाले से दावा किया कि कट्टरपंथी इस्लामिक वेबसाइट्स देखने की जानकारी सामने आने के बाद उसे उड़ान से हटाया गया था। वह पहले रॉयल एयर मैरोक के साथ भी काम कर चुका था और करीब आठ महीने पहले फ्लाईदुबई से जुड़ा था।

विमान में 174 लोग सवार थे:

हमले के समय विमान में 174 लोग सवार थे। इनमें अधिकांश इजराइली यात्री थे, जबकि भारत और यूएई के नागरिक भी शामिल थे। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, चार यात्री अमेरिकी नागरिक थे। हमले में कैप्टन मच्छर गंभीर रूप से घायल हुए। बाद में उन्हें सऊदी अरब से एयरलिफ्ट कर अबू धाबी लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Popular Articles