– जरीपटका थाने में एसीबी की कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप
नागपुर :- अदखलपात्र (एनसी) प्रकरण में आगे कार्रवाई न करने और शिकायतकर्ता को मदद पहुंचाने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार रात रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जरीपटका थाने में हुई। आरोपी की पहचान हेड कांस्टेबल सचिन तायडे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जरीपटका थाने में एक व्यक्ति ने शिकायतकर्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ अदखलपात्र (एनसी) मामला दर्ज किया था। इस प्रकरण में आगे कार्रवाई नहीं करने और सहयोग करने के बदले तायडे ने शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई, जिसके बाद तायडे 20 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया।शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले रिश्वत की मांग का सत्यापन किया। इसके बाद बुधवार रात तायडे ने शिकायतकर्ता को रकम लेकर जरीपटका थाने बुलाया। एसीबी की टीम ने पहले से ही वहां जाल बिछा रखा था। रात करीब 10 बजे शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लेते ही टीम ने तायडे को पकड़ लिया।कार्रवाई के बाद तायडे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिन मामलों में पुलिसकर्मी कार्रवाई करते थे, उन्हीं में से एक मामले में कार्रवाई न करने के बदले रिश्वत लेने पर अब वे खुद कानून के शिकंजे में हैं। लंबे समय बाद शहर में पुलिस विभाग के किसी कर्मचारी के खिलाफ एसीबी की ट्रैप कार्रवाई सामने आने से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।





