हिंगना में तेंदुए का आतंक: ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

0
55

नागपुर :- हिंगना तहसील के आसपास के इलाकों में तेंदुए की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले दो दिनों से तेंदुआ कई बार दिखाई देने की घटनाएँ सामने आई हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। खेतों में काम करने वाले किसान और स्कूल जाने वाले बच्चों को अब बाहर निकलने में डर लगने लगा है।

शुक्रवार देर रात हिंगना के वाघोड़ा और जामगांव के बीच तेंदुए को घूमते हुए स्थानीय लोगों ने देखा। ग्रामीणों ने उसका वीडियो भी मोबाइल में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वही इलाका है जहाँ कुछ दिनों पहले एक पालतू बछड़े पर तेंदुए ने हमला किया था।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और आसपास के इलाकों में पिंजरे लगाकर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि रात के समय खेतों की ओर अकेले न जाएँ और बच्चों को भी घरों के बाहर खेलने से रोकें। वन अधिकारी एस.बी. धोटे ने बताया, “संभावना है कि यह तेंदुआ पास के जंगल क्षेत्र से भटककर गाँव की ओर आया है। टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक हफ्ते से रात में पशुधन पर हमलों की घटनाएँ बढ़ी हैं। कई जगह खेतों के पास पदचिह्न भी मिले हैं, जिससे लोगों में डर और बढ़ गया है। वन विभाग ने इलाके में ड्रोन सर्विलांस और रात्री गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया है। फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और सभी स्कूलों को भी बच्चों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त एहतियात बरतने को कहा गया है।