नासिक में ढोंगी ज्योतिषी का काला सच : ‘ओश्नो वॉटर’ से बेहोश कर करता था शोषण

0
47

– नशीले पानी और ब्लैकमेलिंग का जाल: हाई-प्रोफाइल लोगों से जुड़े चौंकाने वाले आरोप

– पूजा के नाम पर अपराध: गर्भवती महिला तक को नहीं छोड़ा, आरोपी गिरफ्तार

नासिक :- नाशिक के हाई-प्रोफाइल ढोंगी ज्योतिषी कैप्टन अशोक खरात के मामले में चल रही जांच में लगातार हैरान करने वाले खुलासे हो रहे हैं। शनिवार को तीन और पीड़ित महिलाएं सामने आईं। उन्होंने एसआईटी के सामने अपनी आपबीती सुनाई।

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि यौन शोषण से पहले उन्हें एक नशीला पानी पिलाया जाता था, जिसे ‘ओश्नो वॉटर’ नाम दिया गया था। इस पानी में वियाग्रा सहित कई नशीली दवाएं मिलाई जाती थीं। जब महिला पर नशे का असर हो जाता था, तब वह इसे ‘भगवान से दिव्य मिलन’ बताकर यौन शोषण करता था। इस दौरान लगातार गायत्री मंत्र बजता रहता था।

महिलाओं का कहना है कि कई घंटों बाद उन्हें एहसास होता था कि उनके साथ क्या हुआ। शुरुआत में जब्त 58 वीडियो की संख्या अब 100 के पार पहुंच चुकी है। इनमें कई हाई-प्रोफाइल महिलाओं के भी वीडियो शामिल हैं, जो सामने आने से डर रही हैं और वीडियो सार्वजनिक नहीं होने देने की कोशिश कर रही हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि शहर का एक प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ कैप्टन को सेक्स वर्धक दवाओं की सप्लाई करता था। बताया जा रहा है कि उस डॉक्टर का उसके यहां नियमित आना-जाना था। विशेष रूप से यह भी चर्चा है कि उसी डॉक्टर की सलाह पर खरात एक फर्टिलिटी सेंटर में नियमित रूप से वीर्यदान भी करता था।

इस मामले में ज्योतिषी कैप्टन अशोक खरात के साथ उसका सहायक नीरज जाधव पुलिस की गिरफ्त में है। सूत्रों के अनुसार, उसके पास से यौन शोषण से जुड़े कई वीडियो मिले हैं। इस प्रकरण में अब तक 100 से अधिक वीडियो सामने आ चुके हैं। उसके पास 50 से अधिक पीड़ित महिलाओं के फोन नंबर भी मिले हैं, जिनमें से कुछ को वह ब्लैकमेल कर चुका था और कुछ को करने की तैयारी में था। कुछ महिलाओं से वह इन वीडियो के बदले मोटी रकम वसूल चुका है। दोनों आरोपियों को आमने सामने बैठाकर एसआईटी द्वारा पूछताछ की गई है। महिलाओं ने कहा, पानी का स्वाद बहुत कड़वा था, ‘ओश्नो वॉटर’ में वियाग्रा के साथ अन्य यौन इच्छा बढ़ाने वाली दवाओं का मिश्रण किया जाता था। इसका उपयोग एक ओर जहां महिलाओं के यौन शोषण के लिए किया जाता था, वहीं दूसरी ओर इसे अपने खास पुरुष भक्तों को भी उपलब्ध कराया जाता था। इसे लेने कई हाई-प्रोफाइल लोग आते थे।

कर्नाटक के एक प्रसिद्ध मंदिर का ट्रस्टी तो ‘ओश्नो वॉटर’ मंगवाने के लिए सीधे हेलीकॉप्टर भेजता था। महिलाओं के अनुसार, यह पानी बहुत कड़वा और कसैला होता था और इसका असर कई घंटों तक बना रहता था। उनके घर जाने के बाद भी उसे अलग ही महसूस होता था। अब तक इस मामले में कुल पांच पीड़ित महिलाएं सामने आ चुकी हैं। शुरुआत में एक पीड़िता सामने आई थी। इसके बाद एसआईटी के गठन के बाद शनिवार को तीन और महिलाएं सामने आईं। वहीं रविवार को एक अन्य महिला ने भी मामला दर्ज कराया। रविवार को सामने आई महिला ने शिकायत में बताया कि वह गर्भवती थी, इसके बावजूद कैप्टन ने पूजा-अनुष्ठान के नाम पर उसका यौन शोषण किया। यह मामला सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया है।