मुंबई :- महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा के आवास पर स्थापित पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमा का शुक्रवार (18 सितंबर) को लोकभवन, मुंबई में बनाए गए कृत्रिम जलकुंड में विसर्जन किया गया।
राज्यपाल वर्मा उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के पुणे दौरे में उनके साथ होने के कारण उपस्थित नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति में लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान गणेश की आरती की और विघ्नहर्ता को भावपूर्ण विदाई दी। इसके बाद राज्यपाल के आवास के सामने विशेष रूप से सजाए गए कृत्रिम जलकुंड में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

राज्यपाल के आवास पर पांच दिनों के लिए स्थापित गणेश प्रतिमा पर्यावरण-अनुकूल शाडू मिट्टी से निर्मित थी। राज्यपाल के निर्देशानुसार विसर्जन के बाद इस मिट्टी में नीम का पौधा लगाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके।
इस अवसर पर राज्यपाल के सहसचिव एस. रामामूर्ति, राज्यपाल के परिवार प्रबंधक डॉ. निशिकांत देशपांडे, जनसंपर्क अधिकारी उमेश काशीकर तथा लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।





