सांगली :- जिले के विटा में बर्तन और फर्नीचर की दुकान में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के चार लोगों की जलकर मृत्यु हो गई. मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और एक दो वर्ष की बच्ची शामिल हैं. यह हादसा सोमवार सुबह लगभग 9 बजे हुआ. मृतकों में विटा के सावरकरनगर निवासी विष्णु पांडुरंग जोशी (50), उनकी पत्नी सुनंदा (45), विवाहिता बेटी प्रियंका इंगले (28) और पोती सृष्टि इंगले (3) का समावेश है. विष्णु के दो बेटे मनीष (25) और सूरज (22) इस घटना से पहले सतर्क गैलरी से बाहर निकल गए, इस कारण बच गए. सावरकरनगर में जोशी की जय हनुमान स्टील सेंटर नाम की बड़ी बर्तन और फर्नीचर की दो मंजिला दुकान है. तलघर पर बर्तन, पहली मंजिल पर लकड़ी के फर्नीचर और गद्दे का सामान रखा हुआ था. दूसरी मंजिल पर जोशी परिवार रहता है. दूसरी मंजिल पर पहुंचने के लिए दुकान के अंदर से ही सीढ़ी लगी हुई है. सोमवार सुबह अचानक दुकान में आग लग गई. दुकान के दोनों शटर अंदर से बंद थे. जोशी परिवार के छह सदस्य घर में थे. आग तेजी से फैल गई. शटरों के बीच से आग और धुंआ बाहर निकलने लगा. बर्तन की दुकान में आग लगने के कारण जोशी परिवार सीढ़ी का इस्तेमाल नहीं कर पाया और वे घर में ही फंस गए. कुछ युवकों ने पड़ोस की इमारत की छत से मदद करने की कोशिश की. जोशी के घर की गैलरी से मनीष और सूरज बाहर निकल गए, विष्णु, सुनंदा, प्रियंका और सृष्टि इंगले बाहर नहीं निकल सके. तब तक आग ने विकराल रुप धारण कर लिया था और दूसरी मंजिल तक फैल चुकी थी.








