– खरीद प्रणाली भी सुधरे’, संसदीय समिति ने की सिफारिश
नई दिल्ली :- सीमाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के मुद्दे पर संसदीय समिति ने मंगलवार को चर्चा की। इसके बाद संसदीय समिति ने सीमा सुरक्षा बलों में ड्रोन और काउंटर-ड्रोन सिस्टम की खरीद को प्राथमिकता देने और इसे तेजी से पूरा करने की सिफारिश की है। समिति ने खास तौर पर स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने और प्रभावी कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया है।
भाजपा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल की अध्यक्षता वाली गृह मामलों की संसदीय स्थायी समिति ने अपनी अनुदान मांगों से जुड़ी रिपोर्ट में कहा कि निगरानी, तस्करी और शत्रुतापूर्ण गतिविधियों में ड्रोन के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए इन प्रणालियों की खरीद और तैनाती को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, विशेषकर सीमा सुरक्षा बलों में।
समिति ने यह भी कहा कि स्वदेशी तकनीकी समाधान को प्रोत्साहित किया जाए और रियल टाइम निगरानी, खुफिया जानकारी साझा करने और त्वरित कार्रवाई के लिए एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल तंत्र विकसित किया जाए। इसके साथ ही ड्रोन और काउंटर-ड्रोन सिस्टम के संचालन और उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के आधुनिकीकरण के लिए बनाई गई मॉडर्नाइजेशन प्लान-फोर योजना का उद्देश्य मौजूदा उपकरणों और आधुनिक जरूरतों के बीच की तकनीकी खाई को पाटना है, लेकिन तकनीकी जटिलताओं और टेंडर प्रक्रियाओं के कारण खरीद में देरी हो रही है।








