spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

जेऊरी हादसा: बावनकुले ने घायलों से की मुलाकात

– वारी में सुरक्षा के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुंबई/नागपुर :- महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जेऊरी सड़क हादसे में घायल वारकरियों से अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा के बाद वारी के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए पुलिस को कड़े निर्देश दिए गए हैं।

आषाढ़ी वारी के दौरान वारकरियों की एक दिंडी को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बावनकुले ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर हादसे की पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 65 वर्षीय चालक ने सर्दी-खांसी की दवा ली थी। दवा के असर से उसे झपकी आने लगी, जिससे वाहन पर उसका नियंत्रण छूट गया और वाहन गलत दिशा में घुस गया। इसी कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में घायल तीन वारकरियों का इलाज जेऊरी के आनंदी अस्पताल में डॉ. काकड़े की निगरानी में चल रहा है। उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। वहीं एक गंभीर रूप से घायल वारकरी को बेहतर उपचार के लिए पुणे के ससून अस्पताल रेफर किया गया है। घायल श्रद्धालु मुख्य रूप से सांगली, नांदेड़ और अन्य जिलों के निवासी हैं। बावनकुले ने बताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते और पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। वायरलेस के माध्यम से पूरे प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.