नागपूर :- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) महाराष्ट्र प्रदेश के प्रदेश कार्याध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी ने FDA आयुक्त को पत्र भेजकर कलमना मार्केट परिसर में संचालित सुपारी गोदाम व अवैध प्रसंस्करण इकाई में हुए बड़े घोटाले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
तिवारी ने पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं कि 16 जून 2026 को दोपहर 4:15 बजे अन्न औषधि प्रशासन के अधिकारी कलमना स्थित सुपारी गोदाम व सल्फर डाइऑक्साइड के भट्टे पर कार्रवाई हेतु पहुंचे। आरोप है कि महज 15-20 मिनट में लेन-देन कर अधिकारी वहां से चले गए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मौजूदगी में ही सेटलमेंट की सूचना सह आयुक्त कृष्णा जयपुरकर को दोपहर 4:37 बजे दी गई। इसके बावजूद तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन, अधिकारियों के जाने के तुरंत बाद गोदाम से 600 बोरा सड़ी-गली, जहरीली सुपारी का माल खाली कर दिया गया। खानापूर्ति के लिए माल खाली होने के 2-3 घंटे बाद सह आयुक्त ने दूसरे अधिकारियों को भेजकर केवल सांकेतिक कार्रवाई दिखाई।
तिवारी ने आरोप लगाया कि शहर में फंगस लगी, रासायनिक प्रक्रिया से तैयार जहरीली सुपारी धड़ल्ले से बनाई जा रही है और बाजार में बेची जा रही है। निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद भी कठोर कार्रवाई न होना अधिकारियों व कारोबारियों की सेटिंग, लेन-देन और मिलीभगत को उजागर करता है।
शैलेन्द्र तिवारी की मांग:
1. पूरे मामले की जांच वरिष्ठ व स्वतंत्र अधिकारी से कराई जाए।
2. निरीक्षण में शामिल सभी FDA अधिकारियों, कारोबारियों व गोदाम संचालकों के बैंक लेन-देन व कॉल डिटेल रिकॉर्ड की फॉरेंसिक जांच हो।
3. दोषियों पर FSSAI अधिनियम 2006 की धारा 59 – असुरक्षित खाद्य व भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR व कठोर कार्रवाई हो।
4. अवैध गोदाम/प्रसंस्करण इकाई को तुरंत सील कर शेष स्टॉक जब्त किया जाए।
तिवारी ने कहा: _”यह सिर्फ मिलावट नहीं, जनस्वास्थ्य पर सुनियोजित हमला है। जनता की थाली में जहर परोसने वालों और उन्हें बचाने वाले भ्रष्ट अधिकारियों – दोनों को कानून के कठघरे में लाना होगा। जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
– शैलेन्द्र तिवारी
प्रदेश कार्याध्यक्ष, महाराष्ट्र राज्य, राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस (शरदचंद्र पवार)



