– नागपुर पुलिस का रहा तगड़ा बंदोबस्त, पेश की कौमी एकता की मिसाल
नागपुर :- ईद-ए-मिलाद के अवसर पर बुधवार को नागपुर शहर में निकाली गया मुख्य जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सेवासदन चौक, सी.ए.रोड से शुरू हुई जलूस दोसरभवन चौक, मोमिनपुरा, गोलीबार चौक, गंजीपेठ, शहीद चौक और सतरंजीपुरा होते हुए पुनः सी.ए.रोड के रास्ते सेवासदन चौक पहुंचकर समाप्त हुआ। जलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में चारपहिया, तीनपहिया और दोपहिया वाहन भी शामिल रहे।
जलूस मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर आकर्षक झांकियां और सजावट की गई थी। जिसे देखने के लिए महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से प्रमुख चौक और संवेदनशील स्थानों पर विशेष बंदोबस्त तैनात किया गया था। नागपुर पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की थी।

पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नविनचंद्र रेड्डी तथा अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी और राजेंद्र दाभाड़े व विनीता शाहू के मार्गदर्शन में बंदोबस्त लगाया गया। बंदोबस्त में 10 पुलिस उपायुक्त, 11 सहायक पुलिस आयुक्त, 62 पुलिस निरीक्षक, 240 सहायक पुलिस निरीक्षक व पुलिस उपनिरीक्षक, 1,781 पुरुष तथा 200 महिला पुलिसकर्मी तैनात रहे। इसके अलावा राज्य रिजर्व पुलिस बल की तीन प्लाटून तथा 800 पुरुष और 200 महिला होमगार्ड जवानों ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
प्रमुख मार्गों पर फिक्स पॉइंट बनाए गए थे। प्रत्येक पॉइंट पर एक अधिकारी और 10 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। भीड़ वाले प्रमुख स्थानों पर सर्विलांस वाहनों को तैनात किया गया था। इसके अलावा रैपिड रिस्पांस टीम और दंगा नियंत्रण दल को भी तैयार रखा गया था। शहर के विभिन्न हिस्सों से मुख्य जलूस में शामिल होने के लिए निकलने वाली अन्य जलूसों के साथ भी आवश्यक पुलिस बंदोबस्त लगाया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में स्ट्राइकिंग फोर्स को भी तैयार रखा गया था। नियंत्रण कक्ष में अतिरिक्त रिजर्व दलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुसज्जित रखा गया था। पुलिस के व्यापक बंदोबस्त और नागरिकों के सहयोग के चलते ईद-ए-मिलाद की मुख्य जलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।





