– मार्च के अंत तक सभी स्कूलों में बनेंगे छात्राओं के लिए शौचालय
मुंबई :- मार्च महीने के अंत तक राज्य के सभी स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय तैयार किए जाएंगे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान यह आश्वासन दिया। स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जुड़े सदस्यों के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री भुसे ने कहा कि राज्य के स्कूलों की भौतिक सुविधाओं में सुधार के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार की निधि, जिला नियोजन समिति की निधि का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा मनरेगा के अंतर्गत कंपाउंड वॉल बनाने जैसे कार्य किए जा सकते हैं। इसके अलावा जिला परिषद की सेस निधि, स्थानीय विकास निधि, गौण खनिज निधि, सीएसआर आदि के माध्यम से भी स्कूलों में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
भाजपा के अभिमन्यु पवार ने लातूर जिले समेत राज्य भर के स्कूलों की जर्जर अवस्था, बिजली और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के अभाव, शिक्षकों की कमी से जुड़ा सवाल पूछा था। जवाब में मंत्री भुसे ने कहा कि पूर्व में शिक्षक भर्ती को लेकर अनेक शिकायतें प्राप्त हुई थीं, लेकिन अब ‘पवित्र पोर्टल’ के माध्यम से पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं। फिलहाल राज्य में केंद्र प्रमुख (हेड मास्टर) के 4860 पद हैं, जिनमें से 50 प्रतिशत पदोन्नति से और 50 प्रतिशत प्रत्यक्ष भर्ती से भरे जा रहे हैं। एक वर्ष में दिखेगा सकारात्मक परिवर्तन : मंत्री भुसे ने बताया कि पिछले 12 वर्ष से लंबित कई विषयों का समाधान किया गया है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए राज्य स्तर पर रूपरेखा तैयार की गई है। शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा उनके गैर-शैक्षणिक कार्यों को कम करने पर जोर दिया जा रहा है। पाठ्यक्रमों में भी आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं।




