– 48 घंटे में तीन कार्रवाई, छह पर केस दर्ज – चार गिरफ्तार
चंद्रपूर :- चंद्रपुर में टी-20 वर्ल्ड कप का खुमार बढ़ने के साथ ही सट्टा बाजार भी सक्रिय हो गया है। इसी के मद्देनज़र चंद्रपुर स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने क्रिकेट बुकी और सट्टेबाजों के खिलाफ विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ शुरू किया है। पिछले 48 घंटों में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई से क्रिकेट बुकी और सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है।
चंद्रपुर में क्रिकेट प्रेमियों की संख्या बड़ी है और वर्ल्ड कप के दौरान सट्टेबाजी का कारोबार तेजी से फैलने की आशंका थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन ने स्थानीय अपराध शाखा को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके आदेश पर एलसीबी के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
कार्रवाई के दौरान भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच पर ‘नाइस 7777’ आईडी के माध्यम से सट्टा लेने वाले सय्यद हारिश उर्फ बिट्टू मुकद्दर अली को गिरफ्तार किया गया। वहीं इरफान कुरेशी और अफजल शेख की तलाश जारी है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन और अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वर्ल्ड कप के दौरान अवैध सट्टेबाजी पर कड़ी नजर रखी जाएगी और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




