नागपुर :- अंबाझरी थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के मामले में विशेष अदालत ने आरोपी को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा विशेष न्यायाधीश जे.ए. शेख ने 21 नवंबर 2026 को आरोपी भंडारा, वर्तमान में हसनबाग, नागपुर निवासी नीलेश योगेश्वर हेडाऊ (40) को दोषी ठहराते हुए यह फैसला सुनाया।
आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को पारडी के एक होटल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया और उसे अपने साथ भंडारा ले गया। युवती ने संदेह होने पर भागने का प्रयास किया, इस दौरान उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अदालत ने आरोपी को धारा 376 के तहत आजीवन सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 506 के तहत एक वर्ष का सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। मामले में तत्कालीन एसीपी डॉ. नीलेश पालवे ने जांच कर आरोपपत्र दाखिल किया था। सरकारी वकील के रूप में एड. साखरे ने पैरवी की। पैरवी अधिकारी के रूप में महिला पुलिस हवलदार रंजना दडांजे ने जिम्मेदारी संभाली।






