मुंबई :- भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक तकनीक के साथ पेश करने की तैयारी है। लायंसगेट प्ले अपनी पहली एआई-निर्मित ओरिजिनल वेब सीरीज ‘एकलव्य’ लेकर आ रहा है। इस सीरीज में महाभारत के चर्चित पात्र एकलव्य की कहानी को नए अंदाज में दिखाया जाएगा। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म के पहले एआई अभिनेता ‘युग आर.एआई’ को भी पेश किया गया है।
सीरीज की पहली झलक लायंसगेट प्ले के संस्थापक एवं सीईओ रोहित जैन ने जारी की। इसका निर्देशन विभु पुरी कर रहे हैं, जो ‘हीरामंडी’, ‘ताज : डिवाइडेड बाय ब्लड’ और ‘हवाईज़ादा’ जैसी परियोजनाओं से जुड़े रहे हैं।
‘एकलव्य’ को टाइगर टीवी प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पहले सीजन में आठ एपिसोड होंगे। फिलहाल इसका निर्माण जारी है। मेकर्स इसे एक फ्रेंचाइजी के रूप में विकसित करने की योजना बना रहे हैं, ताकि आने वाले समय में कहानी को कई सीजन तक आगे बढ़ाया जा सके।
रोहित जैन का कहना है कि एआई मनोरंजन की दुनिया में कहानी कहने के नए अवसर खोल रहा है, लेकिन अच्छी कहानी के लिए लेखकों, कलाकारों और निर्देशकों की रचनात्मक भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहेगी। निर्देशक विभु पुरी के मुताबिक, इस तकनीक ने उन्हें अपनी कल्पनाओं को पारंपरिक बजट और तकनीकी सीमाओं से आगे जाकर पर्दे पर उतारने का अवसर दिया है।






