spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

हार का कोहले ने स्नातक मतदाताओं पर फोड़ा ठीकरा

– बोले- ‘यह लोकतंत्र का मजाक’, वोट अवैध होने को बताया वजह

नागपुर :-  नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में हार का सामना करने के बाद भाजपा के उम्मीदवार सुधाकर कोहले ने मतपत्र पर गलत तरीके से वोट दर्ज करने वाले स्नातक मतदाताओं पर नाराजगी जताई है। कोहले को इस चुनाव में 63,960 वोट मिले, जबकि विजयी उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने 67,231 वोट हासिल किए। दोनों के बीच जीत का अंतर 3,271 वोटों का रहा। कोहले ने दावा किया कि चुनाव में 15 हजार से अधिक वोट अवैध घोषित किए गए और इन वोटों के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

परिणाम घोषित होने के बाद सुधाकर कोहले ने जानकीनगर स्थित अपने निवास पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रथम वरीयता के वोटों के आधार पर विचार किया जाए तो वे विजयी थे, लेकिन चुनाव प्रक्रिया के नियमानुसार अभिजीत वंजारी को विजयी घोषित किया गया। कोहले ने कहा कि भाजपा प्रत्येक चुनाव संगठन की ताकत पर लड़ती है। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक सभी चुनाव में मेहनत करते हैं। इस चुनाव में भी सभी नेताओं, विधायकों, सांसद, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और पालकमंत्री का भरपूर सहयोग मिला। सभी ने कार्यकर्ताओं की तरह मेहनत की, जिसके चलते पार्टी को अपेक्षित वोट मिले। हालांकि, जीत के लिए निर्धारित वोटों का कोटा पूरा करने में वे असफल रहे।

मतपत्र पर केवल ‘2’ लिखने से वोट हुए अवैध

सुधाकर कोहले ने आरोप लगाया कि कई स्नातक मतदाताओं ने मतपत्र पर उनके नाम के सामने केवल अंक ‘2’ लिखा। उनके अनुसार, इस तरह दर्ज किए गए लगभग 9 हजार वोट अवैध हो गए। कोहले का कहना है कि यदि ये वोट वैध होते, तो वे जीत का कोटा पूरा कर पहली वरीयता के वोटों के आधार पर ही निर्वाचित हो सकते थे।

‘लोकतंत्र का मजाक न बनाएं’, मतदाताओं से की अपील

कोहले ने स्नातक मतदाताओं से भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान की गई एक छोटी-सी गलती भी विकास कार्यों को प्रभावित कर सकती है। इसलिए मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी लेकर सावधानीपूर्वक मतदान करना चाहिए।

Popular Articles