बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर का भी फिल्म ‘रामायण’ से खास जुड़ाव है. उन्होंने फिल्म में जटायु को आवाज दी है. फिल्म की सफलता पर अनुपम खेर भी खुश हैं. मूवी की रिलीज से पहले और उसके बाद भी वो रामायण से जुड़ी पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं. अनुपम खेर हाल ही में स्वीडन में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल हुए थे और लोगों से गर्मजोशी के साथ मिले. अब अनुपम खेर के फिल्मी सफर पर बात करते हुए महेश भट्ट ने उन्हें एक लेटर लिखा और उनकी जमकर तारीफ की. जवाब में महेश को अनुपम ने अपना गुरु और मेंटोर कहा है.
महेश भट्ट ही वो शख्स और डायरेक्टर हैं जिनकी फिल्म ‘सारांश’ के जरिए इंडस्ट्री में पहली बड़ी पहचान मिली थी. उन्होंने हाल ही में एक लेटर लिखकर कहा कि अनुपम खेर का ‘सारांश’ के बी. वी. प्रधान से लेकर ‘रामायण’ के जटायु तक का बेहद शानदार सफर रहा है. उन्होंने कहा कि तुम लगातार सफलता हासिल करते गए. मैं तुम्हारे लिए बेहद खुश हूं.
महेश ने अनुपम के लिए आगे कहा कि स्वीडन में तुम्हें देखकर काफी अच्छा लगा जो कॉन्फिडेंस तुममें देखा वो पहले कभी नजर नहीं आया था. महेश ने कहा कि उस पल को देखकर मुझे सारांश का वो सीन याद आ गया जिसमें एक बूढ़ी औरत बच्चों के साथ पार्क में खेल रही होती है. महेश ने लेटर के अंत में लिखा, ‘अनुपम मैं और क्या ही मांग सकता हूं. ढेर सारा प्यार, महेश भट्ट.’
महेश भट्ट के लेटर को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर करते हुए अभिनेता ने उन्हें अपना टीचर, मेंटोर, मार्गदर्शक और दोस्त कहा. साथ ही अभिनेता ने खुद को दुनिया का सबसे खुश इंसान भी कहा. अनुपम ने लिखा, ‘ये मेरे लिए 42 साल के करियर का सबसे खूबसूरत सर्टिफिकेट पाने जैसा था.’ अनुपम ने ये भी कहा कि महेश भट्ट ने ही उनके लिए पहली बार सिनेमा के दरवाजे ओपन किए थे.






