येवदा :- प्रतिबंधित गुटखा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत येवदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर भामोद गांव से 57 हजार 242 मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि इस अवैध कारोबार से जुड़े चार अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध धंधे वालों में खलबली मच गई है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 12 जून की शाम भामोद गांव में छापा मारा। दौरान आरोपी सुनील ब. शिरसाट (50) के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा बरामद हुआ। पुलिस ने माल जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने गुटखा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम उजागर किए। जांच में यूसुफ घानीवाले (दर्यापुर), नरेश जैन, रवि इंगले तथा रमेश पैलवान (अकोला जिला) की संलिप्तता पाई गई। पुलिस इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इसे देखते हुए ऐसे कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राज्यभर में समय-समय पर की जा रही कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की जा चुकी है। येवदा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि गुटखा कारोबार में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा।







