– तीन जिलों से छह उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल :- सुरक्षा बलों ने मणिपुर की इंफाल घाटी के तीन जिलों से कई प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के बयान के मुताबिक, ये गिरफ्तारियां गुरुवार को की गईं। प्रतिबंधित संगठन कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के तीन सक्रिय सदस्य इंफाल पश्चिम जिले में उनके घरों से गिरफ्तार किए गए। उनकी पहचान लईशांगथेम तोंडन सिंह (34 वर्षीय), लईशांगथेम आनंद सिंह (34 वर्षीय) और हाइकम हेमचंद्र सिंह (41 वर्षीय) के रूप में हुई है।
इनके पास से दो एसएलआर राइफल, दो संशोधित .0303 राइफल, एक इंसास राइफल, नौ मगजीन और 99 कारतूस बरामद किए गए हैं। इसी उग्रवादी संगठन के एक अन्य सदस्य को इंफाल पूर्वी जिले के एंडरो इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान तोरेम टॉमचो मीतेई उर्फ पेना (45 वर्षीय) के रूप में हुई है। एक अन्य प्रतिबंधित संगठन प्रेपाक (प्रो) का एक सक्रिय सदस्य थौबल जिले के ईचान खुन्नौ इलाके से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, प्रतिबंधित संगठन सोरेपा का एक सक्रिय सदस्य थौबल जिले के समरम मयाई लैकाई इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान खोइनाईजम भूमेश्वर सिंह (24 वर्षीय) के रूप में हुई है। उसके पास से एक नकली बंदूर और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं।




