– सस्ते वाहन दिखाकर महंगे वाहनों का बीमा, मैग्मा इंश्योरेंस की जांच में बड़ा खुलासा
– 500 से ज्यादा संदिग्ध पॉलिसियां पकड़ी गईं
मुंबई :- मोटर वाहन बीमा में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बीमा कंपनी मैग्मा जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड ने आंतरिक जांच में 500 से अधिक संदिग्ध मोटर वाहनों की इंश्योरेंस पॉलिसी का पता लगाया है। इनमें से 69 पॉलिसियां एक ही व्यक्ति के नाम पर पाई गईं। प्रारंभिक जांच में कंपनी को करीब 21.53 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। इस खुलासे के बाद बीमा कंपनी ने भांडुप पुलिस स्टेशन में आरोपी गौरव हरी पाटेकर और अनंत पांडुरंग पाटेकर के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। भांडुप पुलिस के अनुसार इस मामले में बीमा कंपनी में अधिकारी उमेश बिश्वेश्वर चौधरी (52) ने शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में उन्होंने बताया कि फरवरी 2025 में इंटरनल डिपार्टमेंट से संदिग्ध पॉलिसियों की जांच का निर्देश मिला था। जांच के दौरान सामने आया कि गौरव हरी पाटेकर के नाम पर 69 मोटर बीमा पॉलिसी जारी की गई थीं। जब इन पॉलिसियों से जुड़े वाहन पंजीकरण नंबरों की जांच वाहन एप के माध्यम से की गई तो सामने आया कि पॉलिसी में दर्ज वाहन का मेक, मॉडल और मालिक की जानकारी वास्तविक रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रही थीं। सत्यापन के लिए नेरुल की एक इन्वेस्टिगेशन एजेंसी को नियुक्त किया गया। एजेंसी की फील्ड जांच में पुष्टि हुई कि बीमा पॉलिसियों में जानबूझकर कम प्रीमियम वाले वाहनों का विवरण दर्ज किया गया था। जबकि वास्तविक वाहन महंगे और अधिक प्रीमियम वाले थे।



