– शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने मनपा इस वर्ष भव्य आयोजन
नागपुर :- नागपुर की 145 वर्ष पुरानी सांस्कृतिक परंपरा ‘मारबत महोत्सव’ को वैश्विक पहचान दिलाने और शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मनपा इस वर्ष महोत्सव का भव्य आयोजन करने जा रही है। इसी क्रम में महापौर नीता ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उन्हें महोत्सव का आधिकारिक निमंत्रण सौंपा।
मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने से पहले महापौर ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात कर उन्हें भी महोत्सव में शामिल होने का न्योता दिया। इस पहल का उद्देश्य नागपुर की अनूठी सांस्कृतिक परंपरा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना है।
मनपा बजट में विशेष निधि
मारबत महोत्सव नागपुर की ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसके संरक्षण और भव्य आयोजन के लिए मनपा ने अपने वार्षिक बजट में विशेष निधि का प्रावधान किया है। इस निधि से महोत्सव की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ इसकी व्यापकता बढ़ाने की योजना है।
तैयारियों में जुटा मनपा प्रशासन
महापौर ठाकरे के मार्गदर्शन में मनपा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं। मारबत एवं बडग्या महोत्सव की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
महोत्सव में स्थानीय नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ देश-विदेश की प्रसिद्ध हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। मनपा का मानना है कि इससे नागपुर की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच मिलेगा और शहर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।





