spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

कलमना मार्केट में गंदगी पर ‘महापौर की फटकार’

– सड़ते कचरे की दुर्गंध पर जताई नाराजगी, वैज्ञानिक तरीके से निपटान के दिए निर्देश

नागपुर :- कलमना स्थित पं.जवाहरलाल नेहरू मार्केट यार्ड में बड़ी मात्रा में जमा सड़ रहे कचरे से फैल रही दुर्गंध और नागरिकों को हो रही परेशानी पर महापौर नीता ठाकरे ने नाराजगी जताई। उन्होंने कृषि उपज बाजार समिति के अधिकारियों को जमा कचरे का तत्काल वैज्ञानिक तरीके से निपटान करने तथा भविष्य में कचरा जमा न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

महापौर ठाकरे ने गुरुवार को कृषि उपज बाजार समिति परिसर का निरीक्षण किया। डंपिंग यार्ड में बड़ी मात्रा में सब्जियों और फलों का जैविक कचरा जमा मिला। कचरा सड़ने से आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को कचरे का तत्काल निपटान करने के साथ ही जैविक कचरे से खाद तैयार करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मनपा सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगे से उक्त स्थान पर नया कचरा जमा न हो। वहीं, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने मार्केट यार्ड में कचरा डंप किए जाने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नाग नदी का भी निरीक्षण

इसके बाद महापौर ने लकड़गंज जोन के कऱ्हाडे नगर और भरतवाड़ा क्षेत्र से होकर गुजरने वाली नाग नदी का निरीक्षण किया। नदी किनारे सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण बारिश के दौरान नदी का पानी आसपास के घरों में घुसने की समस्या सामने आई। महापौर ने नागरिकों की समस्या को देखते हुए नदी किनारे तत्काल सुरक्षा दीवार बनाने और आवश्यक उपाययोजना करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान मनपा के अतिरिक्त आयुक्त अंकित, वैद्यकीय सेवा व स्वास्थ्य विशेष समिति सभापति मनीषा अतकरे, नगरसेवक प्रदीप पोहणे, उपायुक्त राजेश भगत, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले, कार्यकारी अभियंता सचिन रक्षमवार, कृषि उपज बाजार समिति के प्रभारी उपसचिव रमेश चवरे तथा धनराज बागडे उपस्थित थे।

Popular Articles