– हमने सालों के काम महीनों में किए; शुभेंदु ने PM को झालमुड़ी खिलाई
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे होने पर भारत मंडपम में आयोजित NDA बैठक में उनका सम्मान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “12 साल में देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ। इस कुसंस्कृति का नाम कांग्रेस ग्रोथ रेट था। इसमें न गवर्नेंस थी, न नीति, न नीयत और न ही निर्णय। नाकामी कांग्रेस की थी लेकिन कलंक हिंदू आबादी पर लगाया गया।पीएम ने कहा, “हमारे लिए दल से बड़ा हमेशा देश रहा है। हम नेशन फर्स्ट की भावना से काम करते हैं। भारत को सिर्फ दुनिया की बराबरी नहीं करनी, बल्कि उससे एक कदम आगे रहना है। वो दिन दूर नहीं जब हम मेड इन इंडिया प्लेन भी बनाएंगे।
जनता का भरोसा एनडीए ने और मजबूत किया: मोदी ने कहा कि 2014 में जनता ने कांग्रेस से निराश होकर एनडीए पर भरोसा जताया था। पिछले 12 सालों में एनडीए ने उस विश्वास को और मजबूत किया है।
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले: प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। जो लोग पहले गरीब थे, वे अब मिडिल क्लास का हिस्सा बन रहे हैं। मिडिल क्लास अब न्यू मिडिल क्लास है।
12 साल में बुनियादी ढांचे में बड़ा विस्तार: मोदी ने कहा कि 2014 के 74 एयरपोर्ट बढ़कर 160 से ज्यादा हो गए हैं। एक्सप्रेस-वे 1000 किमी से बढ़कर 6700 किमी और मेट्रो नेटवर्क 5 शहरों से बढ़कर 20 शहरों तक पहुंच गया है।
कांग्रेस ग्रोथ रेट बनाम एनडीए ग्रोथ रेट: प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक विकास की रफ्तार धीमी रही, जबकि एनडीए ने नई सोच और फैसलों के जरिए तेज विकास को संभव बनाया। दुनिया से एक कदम आगे रहने का लक्ष्य: मोदी ने कहा कि भारत को केवल दुनिया की बराबरी नहीं करनी, बल्कि उससे आगे निकलना है। ग्रीन एनर्जी, न्यूक्लियर एनर्जी, डेटा सेंटर, मेड इन इंडिया जहाज और विमान जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।







