नई दिल्ली :- देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून 5 दिन में 13 राज्यों तक पहुंच गया। इसने सोमवार को तेलंगाना में एंट्री ली। मानसून पश्चिमी तट पर अब मुंबई से 150 किमी दूर है। अगले 48 घंटे में यह मुंबई में दस्तक दे सकता है।
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में प्री मानसून बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश के भोपाल में सोमवार को बारिश हुई। यूपी के गोरखपुर और जालौन में भी तेज बारिश हुई।
इधर, राजस्थान के पश्चिमी जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। सोमवार को श्रीगंगानगर 45.6°C तापमान रहा। फलोदी में 44.8°C, जैसलमेर और बीकानेर में 44.4°C तापमान दर्ज किया गया। मौमस विभाग के मुताबिक मंगलवार को 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट है। पूरे केरलम और कर्नाटक के 2 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है।
केरलम में इस बार मानसून 3 दिन की देरी से 4 जून को पहुंचा था। इसके बाद सिर्फ 5 दिनों में यह 13 राज्यों तक पहुंच गया है। सोमवार को मानसून ने तेलंगाना में भी एंट्री कर ली। इससे पहले रविवार को मानसून त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड तक पहुंचा था।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में यह कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के बाकी इलाकों में आगे बढ़ सकता है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों में मानसून पहुंच सकता है।
पश्चिमी तट पर मानसून अब मुंबई से करीब 150km दूर है। अगले 48 घंटे में इसके मुंबई पहुंचने की संभावना है। मुंबई में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 10 जून है। अगले 7 दिनों के दौरान केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।







